केशरपुर रोड का खलिहान बाघ का नया बसेरा, सुबह लेता रहा धूप का आनंद
गन्ने से निकलकर धूप का आनंद लेता रहा टाइगर
-रात घर गन्ने में बैठा रहा, सुबह शुरू की चहलकदमी
-वन अफसरों ने गांव तरफ से जाल लगवाया ताकि वापस न लौट सके बाघ

पूरनपुर/माधोटांडा। पिछले चार-पांच दिन से माधोटांडा क्षेत्र में मौजूद बाघ पूरी रात गन्ने में छुपा रहा परंतु सुबह होते ही धूप खाने गन्ने से बाहर निकल आया और कई घंटे धूप का आनंद लेता रहा। इस दौरान लोगों ने बाघ के दीदार किए। वन विभाग में गांव तरफ से जाल लगवा दिया है ताकि बाघ माधोटांडा की तरफ ना लौट सके। विभाग की टीम नियमित मॉनिटरिंग कर रही है। चार दिन पहले पीलीभीत टाइगर रिजर्व से निकले बाघ ने माधोटांडा गांव के पास दो बछड़ों का शिकार किया था। इसके बाद गन्ने में बसेरा कर लिया। इसके साथ ही शिकार के पास भी कई बार गया और रात भर शिकार के पास बैठा रहा। तबसे टाइगर रिजर्व और सामाजिक वानिकी की टीमें

लगातार बाघ की निगरानी कर रही हैं। बीती रात भी सामाजिक वानिकी पूरनपुर के रेंजर मोहम्मद अयूब मंसूरी अपनी टीम के साथ डटे रहे। बाघ पिंकी सिंह के गन्ने में मौजूद रहा और वहां से निकलकर खलिहान की तरफ देखा गया।
आज सुबह प्रशिक्षु आईएफएस अधिकारी विकास नायक, बराही रेंजर अजय गोयल, पूरनपुर रेंजर मोहम्मद अयूब, बिलाल मियां, अतुल सिंह आदि के साथ पहुंचे और बाघ की मानीटरिंग शुरू की। उच्चाधिकारियों के आदेश पर गांव तरफ से जाल लगवा दिया गया ताकि बाघ माधोटांडा तरफ न लौट सके और जंगल लौट और जाए। देखने वालों का भी तांता लगा है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस और वन विभाग की टीमें मार्गों पर लगाई गई हैं और इसको लेकर नहर रोड पर आवागमन रोका गया है। रिपोर्ट-निर्भय सिंह।

