किसानों से बोले अफसर-“दिल्ली न जाओ स्थानीय स्तर पर ही निपटाई जाएंगी समस्याएं”
घुंघचाई। दिल्ली के किसान आंदोलन में यहां के किसान सम्मिलित ना हो जिससे कोई बड़ा न हादसा हो, जिसे रोकने के लिए शासन द्वारा पुलिस महकमे के आला अधिकारियों को भेजकर सिख समाज के लोगों के साथ बैठक कर वार्तालाप किया जा रहा है। जिससे किसानों की जो समस्याएं हैं स्थानीय स्तर पर ही उनका निदान किया जा सके इसको लेकर अधिकारियों ने किसानों से वार्तालाप कर समस्याओं को समझा। इस दौरान किसानों ने भी क्षेत्र की कृषि से जुड़ी समस्याओं को बेहतर तरीके से रखा। जिन के निस्तारण के लिए विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिया गया । केंद्र सरकार द्वारा कृषि कानून बिल बनाया गया। जिसके विरोध में कई राज्यों के किसान दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं। जनपद से भी कई किसान दिल्ली कूच कर गए। इस पर प्रशासन हरकत में आया और शासन द्वारा पुलिस विभाग के तेजतर्रार अफसरों को भेजकर काश्तकारों से वार्ता का क्रम बीते कई दिनों से जारी है। बुधवार को क्षेत्र के खानपुर पडरी सिख बहुल्य गांव में पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा, अनुज चौधरी प्रशासनिक अमले के साथ गांव पहुंचे। जिन्होंने पहले से ही एकत्र किसान समुदाय में विशेष रुप से सिख समाज के लोगों से सीधी बातचीत का दौर शुरू किया। अजय पाल शर्मा ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली के किसान आंदोलन में पहले से ही काफी संख्या में किसान मौजूद हैं। आप लोग उस आंदोलन में ना पहुंचे और यदि कोई आप की समस्या है तो स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराएं उसका निदान किया जाएगा। इस दौरान किसानों ने भी जब अधिकारियों द्वारा दिए गए आश्वासन का भरोसा किया तो दिल खोलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख दी। इस दौरान कई किसानों ने अभी भी धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद ना होने से किसान परेशान है इसको लेकर अवगत कराया। इस पर शासन द्वारा भेजे गए बड़े अधिकारियों ने उप जिला अधिकारी राजेंद्र प्रसाद से इस इस स्थिति को पूरी तरीके से दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही किसानों की छुटपुट समस्याओं के बारे में अधिकारियों ने कहा कि आपकी समस्याएं स्थानीय स्तर पर ही दूर होंगी आप लोग सोशल मीडिया पर जो भ्रम जाल चलाया जा रहा है उसमें ना पड़े। इस दौरान अनुज चौधरी, विनीत कुमार सिंह ने भी किसानों से वार्तालाप करते हुए कहा कि मैं भी आप ही की तरह किसान परिवार से हूं। किसान और जवान का सामंजस्य बना रहे इसीलिए शासन द्वारा बड़े अधिकारी आपके विचार करके आपकी समस्याएं सुन रहे हैं, जिनका निदान भी निश्चित रूप से होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उप जिला अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, कोतवाल एस के सिंह, चौकी प्रभारी गौरव बिश्नोई,, ग्राम प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह, सतनाम सिंह, भूप सिंह, तोलेराम पासवान, अनुज प्रताप सिंह, निशांत सिंह सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे ।

शासन से भेजे गए अधिकारी किसानों की समस्याएं और उनकी बातों को समझे इसको लेकर शासन गंभीर है लेकिन क्षेत्र में अभी भी कई धान क्रय केंद्रों पर धान की खरीद कछुआ गति से हो रही है। इसको लेकर अधिकारियों को अवगत कराया गया। घुंघचाई के साधन सहकारी समिति पर लेटलतीफी कार्यक्रम चल रहा है जिससे किसान परेशान हैं। इस समस्या को उच्च अधिकारियों के सामने किसानों ने ज्ञापन देकर अपनी समस्या रखी। वही उदरहा गांव के नाम से लगे क्रय केंद्र पर ठेकेदार द्वारा काश्तकारों से खर्चा मांगा जा रहा है जिसकी शिकायत आई तो विभागीय अधिकारी अचंभित हो गए। उन्होंने ठेकेदार पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाल एस के सिंह से वार्ता की। वही किसानों ने इस दौरान हरदोई ब्रांच से सेम के कारण कई एकड़ जमीन कृषि योग्य नहीं रहती है इसकी समस्या को बताया और मांग की कि सीपेज नाले को पक्का किया जाए जिसका ज्ञापन किसानों ने विधिवत तरीके से दिया। यह समस्या वाजिब थी और अधिकारियों को भी लगा कि सैकड़ों एकड़ जमीन पानी के कारण जलमग्न है। फिलहाल किसान आंदोलन को लेकर अगर स्थानीय स्तर पर किसानों की समस्याएं दूर हो जाएं तो किसानों का भला हो जाएगा।
रिपोर्ट लोकेश त्रिवेदी

