
अंगूठा टेककर लीजिये राशन, एसडीएम ने बांटी मशीनें
अब गांव में कोटेदार ई पास मशीन से बाटेंगे राशन
पूरनपुर: कोटो पर राशन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बरतने को लेकर सरकार ने आधार कार्ड लिंक करवाए थे। अब कोटेदार ई पोस मशीन से राशन वितरण करेंगे। इससे जहां भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगा वही लाभार्थियों को काफी सहूलियत मिलेगी इसको लेकर तहसील में सैकड़ों कोटेदारों को मशीनें वितरण की गई।
केंद्र सरकार ने डिजिटल इंडिया बनाने को लेकर कई योजनाओं को ऑनलाइन किया हैं। शासन की योजनाएं सीधे जनता तक पहुंचे इसको लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राशन कोटो को भी हाईटेक बना दिया गया है। पात्र व्यक्ति को कोटे पर राशन वितरण में परेशानी ना हो इसको लेकर सभी सदस्यों के आधार कार्ड लिंक करवा दिए गए थे। शहरों में तो ई पोस मशीन से राशन वितरण किया जा रहा था लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में मशीनें न होने के कारण यह सुविधा लागू नहीं हो पाई थी। सोमवार को पूरनपुर एसडीएम जेपी चौहान ने कोटेदारों को ई पोस मशीनें वितरण का शुभारंभ किया। इसमें पूरनपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत 141 कोटेदारो में 110 तथा कलीनगर तहसील क्षेत्र में 72 कोटेदारों में 52 कोटेदारों ने मशीनें प्राप्त की। अगले माह इन्हीं मशीनों द्वारा राशन वितरण किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया जिन कोटेदारों ने अभी तक मशीनें प्राप्त नहीं की है वह अति शीघ्र अपनी मशीनें प्राप्त कर लें। इस मौके पर पूरनपुर के छेत्रीय खाद्य अधिकारी रजनीश चंद्र शुक्ला, कलीनगर खाद्य अधिकारी अनिल कुमार, मुकेश कुमार, नजरुल सहित कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट- शैलेन्द्र शर्मा व्यस्त

