छह पेट्रोल पम्पों पर ताले, सेल्समेन कोविड के हवाले, एक की मौत

पूरनपुर तहसील क्षेत्र के 6 पेट्रोल पंपों पर लटके हैं ताले, दर्जनों कर्मचारी हैं बीमारी की चपेट में

डीजल पेट्रोल के लिए भटक रहे हैं ग्राहक, बढ़ सकती है किल्लत

पीलीभीत। दूसरी लहर में कोविड-19 पेट्रोल पंपों पर भी दस्तक दे रहा है। इस खतरनाक वायरस की चपेट में आकर पूरनपुर में एक सेल्समैन की मृत्यु हो गई और दर्जनों कर्मचारी बीमार चल रहे हैं। इसके चलते पूरनपुर के कम से कम 6 पेट्रोल पंपों पर ताले लटके हुए हैं। ऐसे में ग्राहकों को डीजल पेट्रोल के लिए भटकना पड़ रहा है। आने वाले समय में किल्लत और बढ़ सकती है।
कोविड-19 लॉकडाउन तो लगा है परंतु पेट्रोल पंपों को प्रतिदिन नियमित खोलने के आदेश हैं। आवश्यक सेवाओं में शामिल होने के कारण पेट्रोल पंप लगातार खोले जा रहे हैं। इसके चलते प्रतिदिन पेट्रोल पंपों पर हजारों ग्राहकों की आवाजाही हो रही है। हालांकि जिलाधिकारी के आदेश पर बिना मास्क के डीजल पेट्रोल देने की सख्त मनाही है फिर भी काफी संख्या में ग्राहक अभी भी बिना मास्क के ही पेट्रोल पंप पर आ रहे हैं और डीजल पेट्रोल लेने के लिए सेल्समैनों से लड़ाई झगड़े पर उतारू हो जाते हैं। इसी का परिणाम है कि अब पेट्रोल पंपों के सेल्समैन भी संक्रमित होने लगे हैं। पूरनपुर तहसील क्षेत्र की बात करें तो इस तहसील क्षेत्र के 2 दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों पर कोई भी ऐसा पेट्रोल पंप नहीं है जिसके सेल्समैन बीमारी से ग्रसित ना हों। किसी को तेज बुखार आ रहा है तो कोई खांसी जुखाम व अन्य बीमारियों से ग्रसित है। ऐसे में आधे कर्मचारी ही काम कर पा रहे हैं। पूरनपुर शहर के सबसे व्यस्ततम घुंघचाई चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर कोविड-19 ने ऐसी दस्तक दी कि पेट्रोल पंप के एक सेल्समैन की मृत्यु हो गई और आधा दर्जन कर्मचारी बीमार हैं। इसके चलते तीन-चार दिन से पेट्रोल पंप पर डीजल व पेट्रोल की बिक्री पूरी तरह बंद है और ताले लटकते नजर आ रहे हैं। यही हाल बंडा रोड व खुटार रोड के पूरनपुर से 4-5 किमी परिधि के 2 पेट्रोल पंपों का भी है और वे बंद हैं। देहात क्षेत्र में भी 3 पेट्रोल पंपों पर बिक्री बंद पड़ी है।  पेट्रोल पंपों के कर्मचारी संक्रमण की आशंका को लेकर परेशान हैं और गुपचुप तरीके से यह मांग भी कर रहे हैं कि पेट्रोल पंपों के खुलने का समय भी निर्धारित कर दिया जाए परंतु अभी तक शासन ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है जिसके चलते कर्मचारियों में आक्रोश देखा जा रहा है।

यूनियन अध्यक्ष बोले सावधानीपूर्वक करें संचालन

पेट्रोल पंपों पर कुछ इस तरह बनाई गई है सोशल डिस्टेंसिंग।

पेट्रोल पंप डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकांत सिंह ने सभी पेट्रोल पंप स्वामियों से अपील की है कि वे अपने व अपने परिवार के साथ अपने पम्प के कर्मचारियों का भी पूरा ध्यान रखें। बिना मास्क के किसी को भी डीजल पेट्रोल ना दिया जाए और डिस्टेंसिंग बनाने की व्यवस्था करते हुए कम कर्मचारियों से पेट्रोल पंप का संचालन करवाया जाए। कर्मचारियों के मास्क लगाने व सेनिटाइजेशन कराने की सलाह भी उन्होंने दी है।

डीएसओ बोले संचालन के घंटे तय करने का अभी कोई आदेश नहीं आया

जिला पूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने बताया कि अभी पेट्रोल पंप खुलने की जो समय सीमा तय करने की खबरें प्रसारित की जा रही हैं ऐसा कोई आदेश शासन से नहीं आया है। पेट्रोल पंप आवश्यक सेवाओं में शामिल हैं और उनके खोलने का समय तय करने का आदेश शासन से आने पर अवगत कराया जाएगा। श्री सिंह ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद पेट्रोल पंपों पर मास्क की अनिवार्यता लागू है और कोविड हेल्पडेस्क स्थापित की गई है अन्यथा संक्रमण और असर दिखाता।

भीड़ बढ़ने से सोशल डिस्टेंसिंग हो रही तार तार

पूरनपुर के लगभग एक तिहाई पेट्रोल पंपों पर ताले लटक जाने के कारण अब शहर व आस-पास के पेट्रोल पंपों काफी अधिक भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग कायम रखने की दिक्कत भी आ रही है। पीलीभीत रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर इस समय इतनी अधिक भीड़ लग रही है कि वहां के मालिक व कर्मचारी भी सहमे हुए हैं। यहां पुलिस बुलाकर लाइन लगवाई जाती है परंतु पुलिस के जाते ही लोग फिर से नियमों का उल्लंघन शुरू कर देते हैं। ऐसा अधिकांश पेट्रोल पंपों के बंद होने के बाद हो रहा है। भीड़ के कारण अब इन पेट्रोल पंपों के कर्मचारी भी बिक्री जारी रखने में असमर्थता जता रहे हैं। पता लगा कि इन पेट्रोल पंपों के भी आधे कर्मचारी बीमार हैं। कर्मचारियों का काम है ऐसा है कि वे वर्क फ्रॉम होम भी नहीं कर सकते।

Related Articles

Close
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000