
कहीं के नहीं रहे बोर्ड परीक्षा में दोहरा पंजीकरण कराने वाले, बोर्ड ने रोल नंबर रोका
पीलीभीत : यूपी बोर्ड परीक्षा में दो दो जगह पंजीकरण कराने वाले छात्र-छात्राओं का भविष्य दांव पर लगता नजर आ रहा है। बोर्ड ने इस बार ऐसा करने वाले सभी छात्र-छात्राओं को रोल नंबर जारी नहीं किया है। ऐसे में उनके परीक्षा देने पर भी संकट के बादल घिरते नजर आ रहे हैं। अगर समय रहते पंजीकरण वाले विद्यालयों एवं अधिकारियों ने प्रयास नहीं किया तो ऐसे छात्र फिलहाल बोर्ड परीक्षा देने से वंचित रह जाएंगे।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद नित नए बदलाव करके हाईटेक बनता नजर आ रहा है। इस बार बोर्ड परीक्षा में दोहरा पंजीकरण कराने वाले सभी छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने से रोका जा रहा है। किसी भी विद्यालय में उनका रोल नंबर जारी नहीं किया गया है। आंतरिक मूल्यांकन के समय यह बात खुलकर सामने आई तो विद्यालयों में हड़कंप मच गया। जब स्कूलों के प्रधानाचार्यो ने इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से जानकारी की तो बरेली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय जाने की सलाह दी गई। क्षेत्रीय कार्यालय से बताया गया छात्र-छात्राओं का दूसरे विद्यालय में भी वेबसाइट पर पंजीकरण कराया गया है। इसलिए कहीं भी छात्र छात्राओं का रोल नंबर नहीं दिया गया है इसके समाधान के लिए उन 2 या 3 विद्यालयों जहां से छात्र-छात्राओं का पंजीकरण हुआ है विद्यालयों के प्रधानाचार्य को अपना रिकार्ड लेकर जाना पड़ेगा और इस बात के साक्ष्य देने पड़ेंगे कि संबंधित छात्र-छात्रा कहां पढता था और अगर दूसरी जगह पंजीकरण किया गया तो क्यों? इसका जवाब भी देना पड़ेगा। जवाबदेही से बचने के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्य बरेली नहीं पहुंचेंगे। ऐसे में छात्राओं का भविष्य चौपट हो सकता है।


