
50 लाख मुआवजा, शस्त्र लाइसेंस और मांगी सरकारी नौकरी, पुलिस पर एतबार नहीं एसआईटी करे जांच
शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम, एडीजी बरेली जोन प्रेमप्रकाश पहुचे
चप्पे-चप्पे पर मौजूद रहे पुलिस एवं पीएसी
एडिशनल एसपी को दिया परिजनों ने मांग पत्र और की कठोर कार्रवाई की मांग
पूरनपुर : मंगलवार को पूरनपुर खटीमा सड़क पर पूरनपुर मंडी समिति के पास भाजपा नेता और उसके साथी की गोली मारकर हत्या कर दी गई जिससे क्षेत्र में सनसनी और आक्रोश का माहौल पैदा हो गया था। परिजन कठोर कार्रवाई की मांग करते रहे पुलिस गोली की घटना को नकारती रही। जिसका परिणाम यह हुआ पूरे गांव में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। कोई भी होनी अनहोनी ना हो इसके लिए बड़े पैमाने पर पुलिस बल गांव में लगाया गया। पोस्टमार्टम
रिपोर्ट में दोनों युवकों की मौत गोली लगने से साबित हुई।
बुधवार की शाम जब दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे तो गांव में कोहराम मच गया। सूर्यास्त के बाद हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार ना करने के कारण दोनों शवों का अंतिम संस्कार बुधवार को नहीं किया गया। बुधवार की देर रात एडीजी बरेली जोन प्रेम प्रकाश भी मृतकों के घर पहुंचे और उन्होंने परिजनों से पूरी जानकारी ली। इस मौके पर परिजनों ने कठोर कार्रवाई करने की मांग की। जिस पर एडीजी प्रेम प्रकाश ने आश्वासन दिया हर हाल में कार्यवाही होगी। दो दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर रहे जिस पर परिजनों में आक्रोश देखा गया और गुरुवार को एडिशनल एसपी रोहित मिश्रा को परिजनों ने मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र दिया। जिसमें उन्होंने पचास लाख रुपए के मुआवजा एक शस्त्र लाइसेंस और मृतक के परिजन के एक व्यक्ति को नौकरी की बात कही और

शिवराम सिंह यादव और अतुल यादव हत्याकांड की स्थानीय पुलिस से जांच ना करा कर एसआईटी से जांच कराने की मांग की। मांग को पूरा होने पर ही परिजनों ने अंतिम संस्कार करने की बात कही जिस पर एडिशनल एसपी रोहित मिश्रा ने कहां शीघ्र ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

कलीनगर एसडीएम चंद्रभान सिंह ने भी मांगो पर करवाई कराने और जमीन ग्राम पंचायत के प्रस्ताव पर मिलने की बात कही। प्राइमरी व जूनियर स्कूल बंद रहे। भाजपा जिला महामंत्री गुरभाग सिंह सहित कई प्रमुख लोग पहुंचे।
रिपोर्ट-निर्भय सिंह


