बाँसुरी महोत्सव में पीलीभीत की बांसुरी को स्वर देंगे रानू मजूमदार और पंडित राजेन्द्र प्रसन्ना, मैथिली ठाकुर और वसीम बरेलवी के कार्यक्रमों को भी मिली हरी झंडी

 

-लोक गायक मैथली ठाकुर भी देंगी प्रस्तुतियां

-वसीम बरेली की अध्यक्षता में होगा कवि सम्मेलन

पीलीभीत। जिले में होने जा रहा बांसुरी महोत्सव काफी खास होगा। इस महोत्सव में जहां फिल्म अभिनेता राजपाल यादव अपने जलवे बिखेरने आ रहे हैं वहीं विख्यात लोक गायक मैथिली ठाकुर भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगी। अंतरराष्ट्रीय ख्याति लब्ध बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्ना एवं रानू मजूमदार पीलीभीत निर्मित बांसुरी के स्वरों को मजबूत करेंगे। जिला प्रशासन ने इस महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू कर दी हैं और सभी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिलाधिकारी पुलकित खरे स्वयं पूरे कार्यक्रम की मानिटरिंग कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय पर ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में 17, 18 व 19 दिसंबर को बांसुरी महोत्सव का आयोजन कराया जा रहा है। इस कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय ख्यातिलब्ध बांसुरी वादक पंडित राजेंद्र प्रसन्ना पीलीभीत निर्मित बांसुरी की तान पर लोगों को सम्मोहित करेंगे। उनके कार्यक्रम के तुरंत बाद हास्य अभिनेता राजपाल यादव की पाठशाला 17 नवंबर को शाम 6 बजे से शुरू होगी। 18 नवंबर को विख्यात बांसुरी वादक रानू मजूमदार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर हिट हो रही लोक गायक मैथिली ठाकुर पीलीभीत वासियों से रूबरू होकर अपनी प्रस्तुति देंगी। अंतिम दिन कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा इसकी अध्यक्षता एमएलसी व देश दुनिया में मशहूर शायर वसीम बरेलवी जी करेंगे। कई अन्य सुप्रसिद्ध कवि व साहित्यकार इस कार्यक्रम में पधार रहे हैं। प्रतिदिन साहित्यकारों की महफिल सजेगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी। महोत्सव आयोजन को लेकर जिला प्रशासन सभी तैयारियां युद्ध स्तर पर कर रहा है। रुहेलखंड मंडल के बलिदानी वीरों की गाथा से अवगत कराने वाली प्रदर्शनी लगाने की जिम्मेदारी सूचना विभाग को दी गई है। सहायक जिला सूचना अधिकारी नरेंद्र कुमार द्वारा इसकी तैयारियां की जा रही हैं। इसके अलावा मंडल भर के जिलों में एक जिला एक उत्पाद में जो भी उत्पाद शामिल हैं उनकी प्रदर्शनी इस महोत्सव में लगाई जाएगी।

सबसे बड़ी बाँसुरी बनाकर कायम किया जाएगा विश्व रिकार्ड

बांसुरी महोत्सव में जो सबसे बड़ा आयोजन होगा वह बांसुरी मेकिंग प्रतियोगिता है। इसमें एक बहुत बड़ी बांसुरी कार्यक्रम स्थल पर ही बनाई जाएगी। यह बांसुरी विश्व की सबसे बड़ी बांसुरी होगी। कारीगर इसे महोत्सव स्थल पर ही बना कर इसमें स्वर फूंकेंगे। इस बड़ी बांसुरी के जरिए पीलीभीत बांसुरी निर्माण में विश्व रिकार्ड कायम करेगा। इस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन व्यापक तैयारियां कर रहा है। महोत्सव में यह भव्य बाँसुरी आकर्षण का केंद्र होगी। पीलीभीत के बाँसुरी कारीगरों की प्रतिभा का प्रदर्शन देखने लायक होगा।

स्मारिका में संजोई जाएंगी महोत्सव की स्मृतियां

बांसुरी महोत्सव के कार्यक्रम व बांसुरी के महत्व को संजोने के लिए बांसुरी महोत्सव के दौरान एक स्मारिका भी प्रकाशित कराई जा रही है। जिलाधिकारी पुलकित खरे ने बताया कि इस स्मारिका में बांसुरी से संबंधित लेख, कविताएं व एक जिला एक उत्पाद में शामिल बांसुरी के प्रोत्साहन संबंधी जानकारियां प्रकाशित की जाएंगी। कार्यक्रम के सुंदर फोटो भी इस स्मारिका में संजोए जाएंगे। कस्तूरी महोत्सव की भांति यह स्मारिका भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण अभिलेख साबित होगी।

Related Articles

Close
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000