
जन्मजात गूंगे और बहरे बच्चे भी बोलेंगे और सुनेंगे, 60 बच्चों का लखनऊ में होगा इलाज
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम योजना के अंतर्गत जन्म से बहरे एवं जन्म से गूंगे बच्चों के लिए जांच शिविर आयोजित
पीलीभीत, 12 सिंतबर 2022
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) योजना के तहत जन्म से बहरे एवं गूंगे बच्चों के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में स्क्रीनिंग शिविर आयोजित हुआ। विनायक कास्मेटिक सर्जरी सेंटर लखनऊ ने इन बच्चों का निःशुल्क ऑपरेशन व उपचार करने के लिए 135 बच्चों का पंजीकरण किया, जिसमें से 60 बच्चों को इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गयाl
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० आलोक कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आरबीएसके कार्यक्रम के प्रति लोगो में जागरूकता लाना तथा गरीब बच्चों व परिजनों के चेहरों पर नयी मुस्कान देना है। उन्होंने कहा कि शिविर में इलाज के लिए चयनित बच्चों का ऑपरेशन और सम्पूर्ण इलाज विनायक कास्मेटिक सर्जरी सेंटर लखनऊ में किया जायेगा। यह इलाज पूर्णतः निःशुल्क होगा।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉo मोहम्मद नाजिर, एनएचएम की आरबीएसके टीम के सदस्य डॉ ललिता रस्तोगी, डॉo वर्षा सक्सेना, डॉo खुशबू जमाल, डॉo राम गोपाल पांडेय, डॉo रंजीत रंजन, डॉo विश्व दीपक, डॉo आर. के. सक्सेना, डॉo पराग अग्रवाल, डॉo हरजेंद्र सिंह, डॉo धर्मेंद्र कुमार, देवेन्द्र अस्थाना, अरुण कुमार उपस्थित रहे।

