पूरनपुर नगर पालिका में राज करेगी आधी आबादी

पूर्व चेयरमैन अंजाना ने कर लिया निकाह

-पत्नियों को आगे करके पोस्टर व फ्लेक्स बनवाने लगे दावेदार

 

पूरनपुर। लंबे अरसे के बाद पूरनपुर नगर पालिका में चेयरमैन की कुर्सी पर कोई महिला विराजमान होगी। पालिका अध्यक्ष की सीट महिला के लिए आरक्षित होने के चलते फ्लेक्स व पोस्टरों में शोपीस बने शूरमा अब अपनी पत्नियों को आगे लाने की जुगत में जुट गए हैं। आरक्षण का ही तकाजा है कि नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन मुन्ने मियां अंजाना ने दो दिन पहले निकाह कर लिया है। उनकी उम्र लगभग 56 साल के करीब है और उन्होंने 34 साल की युवती से निकाह करके चुनाव लड़ने के लिए महिला की तलाश पूरी कर ली है। हालांकि एक बार उन्होंने अपनी भाभी हसीन बानो को पूरनपुर का चेयरमैन बनवाया था परंतु भाभी की मृत्यु के बाद कुंवारे नेता एमएम अंजाना महिला सीट आने पर चुनावी मैदान से बाहर हो सकते थे। शायद इसी का अंदाजा लगाते हुए उन्होंने निकाह का फैसला किया जो चुनाव के अलावा उनके बुढ़ापे में भी सहारा बनेगा। उधर संगीता सिंघल सहित कुल 2 महिला प्रत्याशियों ने ही भाजपा से टिकट मांगा था, जबकि शेष पुरुष उम्मीदवार मैदान में आ रहे थे। अब यह लोग अपनी पत्नियों को आगे करके चुनाव लड़ने की तैयारी में है। मौजूदा चेयरमैन प्रदीप जायसवाल लल्लन की पत्नी वर्षा रानी अग्रवाल पहले भी पूरनपुर की चेयरमेन रह चुकी हैं। ऐसे में वर्षा रानी ही लल्लन की जगह दावेदार होंगी। दावेदारों में से डॉक्टर तेज बहादुर सिंह तेजू अपनी पत्नी को एक बार ब्लॉक प्रमुख चुनाव में उम्मीदवार बना चुके हैं जबकि कई बार निर्विरोध सभासद रह चुके शैलेंद्र गुप्ता ने अभी तक अपनी पत्नी को चुनाव मैदान में नहीं उतारा है। समाजसेवी हर्ष गुप्ता भी खुद ही समाज सेवा और राजनीति में आगे आए हैं। अब उनकी पत्नी भी उनके साथ कदमताल करती नजर आएंगी। दूसरे दलों के प्रत्याशी भी पुरुष वर्ग से ही हैं। अब वे भी महिलाओं को आगे करके ताजपोशी की जुगत में जुट गए हैं। अब देखना यह है कि आधी आबादी के लिए आरक्षित इस सीट पर ऐसी कौन सी भाग्यशाली महिला होगी जो पूरनपुर की नई चेयरमैन नियुक्त होगी।

Related Articles

Close
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000
preload imagepreload image