
एफडी व डीएफओ ने पौधारोपण का किया औचक निरीक्षण, बताए फायदे
पलियाकलां-खीरी। नगर के जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज में विद्यालय प्रबन्धन द्वारा कराये गये वृक्षारोपण का फील्ड डायरेक्टर संजय पाठक व उत्तर खीरी वन प्रभाग के डीएफओ अनिल कुमार पटेल ने औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर एफडी संजय पाठक ने कहा कि प्रकृति संवर्धन व संरक्षण एक राष्ट्रीय कार्य है, इससे मानवता आत्मप्रेरित होती है। सक्षम, स्वस्थ व सम्रद्ध भारत के निर्माण के लिये वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। डीएफओ अनिल कुमार पटेल ने कहा कि स्वस्थ तन व मन के लिये स्वच्छ पर्यावरण का होना बहुत आवश्यक है। तभी अपना देश विकसित बन सकेगा। वृक्षों का पल्लवित व पुष्पित होना जरूरी है। प्रधानाचार्य कृष्ण अवतार भाटी ने कहा कि हम वृक्षारोपण के माध्यम से तमाम प्राकृतिक आपदाओं से बच सकते हैं। यदि हमारा परिवेश स्वच्छ होगा तो निश्चित रूप से स्वर्णिम भारत का सृजन हो सकता है। वृक्षारोपण ही पर्यावरण दूर करने का सर्वोत्तम उपाय है। दोनों अधिकारियों ने उत्तम वृक्षारोपण व पौधों के उत्तम सरंक्षण हेतु प्रधानाचार्य कृष्ण अवतार भाटी सहित विद्यालय प्रबन्ध तन्त्र की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी ओपी सिंह, वन दरोगा विजेंद्र सिंह, आरक्षी हरेंद्र सिंह व ओमप्रकाश आदि उपस्थित रहे।
(लखीमपुर से निर्जेश मिश्र की रिपोर्ट)