
गोमती उदगम तीर्थ पर 30 नवंबर को होगा विराट कवि सम्मेलन
मां गोमती महोत्सव में शामिल इस कार्यक्रम में उमड़ती है सर्वाधिक भीड़
पूरनपुर। साहित्य प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। 30 नवंबर को गोमती उद्गम तीर्थ माधोटांडा पर विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में फिर से आनंद की वर्षा होगी और श्रोता काव्य रस का पान कर पाएंगे। काव्य पाठ के लिए इस बार युवा कवियों की टीम आमंत्रित की गई है।
माधोटांडा स्थित गोमती उद्गम तीर्थ पर 25 नवंबर से मां गोमती महोत्सव कार्तिक गंगा स्नान संकल्प 2023 का आयोजन प्रारंभ होगा। प्रतिदिन स्कूली बच्चों के कार्यक्रम दिन में होंगे और रात में रासलीला का आयोजन होगा। 30 नवंबर को इस महोत्सव में विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। जिसमें साहित्य प्रेमियों को काव्य रस का आनंद मिलेगा। इस बार कार्यक्रम के मुख्य आकर्षक कलीनगर के पूर्व तहसीलदार और गोमती उद्गम ट्रस्ट की स्थापना करने वाले गोमती भक्त विवेक मिश्रा जो इस समय शिकोहाबाद के उप जिलाधिकारी हैं, अतिथि कवि के रूप में कार्यक्रम में आ रहे हैं। श्रोता जहां उनकी काव्य रचनाएं सुन पाएंगे वहीं इस कार्यक्रम में एक नए कवि का भी अवतरण होगा। यह कवि भी एक बहुत बड़ा अधिकारी है। इसके अलावा हास्य रस धार बहाने के लिए बरेली से उमेश त्रिगुणायत अद्भुत, देव शर्मा विचित्र और राजेंद्र अवस्थी किंकर कार्यक्रम में पधारेंगे। वही श्रेष्ठ गीतकार के रूप में वरिष्ठ कवि अंशुमाली दीक्षित अंशु, डॉक्टर निराजना शर्मा और विकास आर्य स्वप्न की मौजूदगी रहेगी। ओज के बड़े कवि
अविनाश चंद्र एडवोकेट चंद्र एवं प्रियांशु त्रिपाठी अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। अच्छे मंच संचालक व गजलकार कुलदीप कल्प, सुप्रसिद्ध गज़लकार अमिताभ मिश्र की गजलें आपको मंत्रमुग्ध कर देंगी। युवा कवि स्वाभिमान सिंह व प्रदीप मिश्रा की प्रस्तुतियां भी आप सबको तालियां बजाने को विवश कर देंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता देवनागरी उत्थान परिषद के अध्यक्ष पंडित राम अवतार शर्मा करेंगे। कार्यक्रम के संयोजन का दायित्व कवि व पत्रकार सतीश मिश्र अचूक को दिया गया है। कार्यक्रम के आयोजक उप जिलाधिकारी कलीनगर आशुतोष गुप्ता ने बताया कि शाम 5:30 बजे आरती के तुरंत बाद कवि सम्मेलन प्रारंभ होगा और उसके बाद आनंद वर्षा शुरू हो जाएगी। उन्होंने जनपद व क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है।