
लूट व चोरी की घटनाओं से हैदराबाद के गांवों में दहशत
(गोलागोकर्णनाथ से निर्जेश मिश्र/पंकज शुक्ला की रिपोर्ट)
-चार स्थानों पर बदमाशों ने दिया लूट व चोरी की घटना को अंजाम
गोलागोकर्णनाथ-खीरी। बीती रात थाना हैदराबाद क्षेत्र के दो गांवों में चोरी व लूट की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई के साथ-साथ क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने व घटना का खुलासा करने की मांग की है।
थाना क्षेत्र के ग्राम कंधरापुर निवासी सुरेश कुमार यादव किसी काम से बाईक लेकर अपनी पत्नी के साथ गोला गये हुए थे। शाम को घर वापसी करते समय गांव से पहले ही नकाबपोश बदमाश उनकी कनपटी पर तमंचा रखकर 540 रुपय की नकदी व एक जोड़ी पायल लूट कर फरार हो गये।दूसरी घटना इसी गांव के विपिन कुमार के साथ घटी। शाम के समय वह अपना खेत देखने गया हुआ था।
खेतों पर मौजूद बदमाशों ने कीमती मोबाईल फोन छीनने का असफल प्रयास किया। युवक किसी तरह बदमाशों के चंगुल से बचकर भागने में सफल रहा। इसके अलावा गोला मेडिकल स्टोर से काम करके साइकिल से घर वापस जा रहे एक ग्रामीण को भी लूटने का प्रयास किया। ग्रामीण द्वारा शोर मचाने पर बदमाश भाग गये। उसी रात पास के ही ग्राम बांसगांव के प्राथमिक विद्यालय का ताला तोड़कर चोर कमरे में रखा मिड-डे मिल का राशन उठा ले गये। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका दीपलता ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर में कहा गया है कि अज्ञात चोरों ने विद्यालय में रखा डेढ़ बोरी चावल व आधा बोरी आटा सहित खाना बनाने की सामग्री चोरी कर ली है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया इससे पहले भी ग्राम कपरहा, बांसगांव, कधरापुर, घरथनियां, कोटखेरबा, मूड़ा अस्सी व मूड़ा जबाहर आदि में चोरी व लूट की कई वारदातें हो चुकी हैं, जिनका अभी तक हैदराबाद पुलिस खुलासा नहीं कर पायी है। पुलिस की लापरवाही के कारण क्षेत्र में चोर लुटेरों के हौसले बुलंद है। बांसगांव व कन्धरापुर की घटनाओं की सूचना बांसगाव निवासी हिन्दू युवा वाहिनी के कुम्भी ब्लाक अध्यक्ष जयेन्द्र मिश्र ने डायल 100 और एसओ हैदराबाद को फोन पर दी। सूचना के लगभग एक घंटे बाद डायल 100 मौके पर पहुंची। पुलिस की लापरवाही के कारण लोगों में काफी आक्रोश है।


