जनता कर्फ्यू में भूखे मवेशी : चारा लेने जा रहे किसान को पुलिस ने खदेड़ा
पीलीभीत। जनता कर्फ्यू में लोगों ने आज घर में रहने के लिए अपने खाने-पीने का इंतजाम तो पहले ही कर लिया परंतु कर्फ्यू के दौरान किसानों के घर से बाहर ना निकलने के कारण उनके मवेशी भूखे प्यासे चिल्ला रहे हैं। किसी तरह किसान पानी तो पिला दे रहे हैं परंतु चारे की समस्या आड़े आ रही है। जब वे चारा लेने घरों से बाहर खेतों तक जा रहे हैं तो उन्हें कई तरह के अपने लोग ही टोंक रहे हैं। साथ ही पुलिस भी ऐसे लोगों को परेशान कर रही है। भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि प्रसादपुर में भी एक किसान को पुलिस ने प्रताड़ित किया। उनके अनुसार परसादपुर के रामनाथ को पुलिस ने डांट कर भगा दिया। रामनाथ अपने मवेशियों के लिए चारा कटने साइकिल से जा रहा था। इसे तरह कई किसान परेशान व पीड़ित हैं। इनकी समस्या न पीएम मोदी ने समझी न गोपालक योगी जी ने। उनके अफसर भी नही समझ पा रहे हैं। एक किसान प्रदीप सिंह राजू ने किसानों की यह समस्या फेसबुक पर लिखकर लोगों से निदान बताने को कहा पर उनके एफबी मित्र इसे मजाक समझ रहे हैं। लेकिन गांव के रहने वाले समझ रहे हैं कि यह बड़ी समस्या है। कई जगह किसान घर मे हैं और उनकी फसल आवारा पशु खा रहे हैं। अब किसान जनता कर्फ्यू देखें या अपनी फसल। इसका मुआवजा कौन देगा साहब, बताना जरूर।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें