
चेतावनी : 48 घण्टे में बरखेड़ा की चोरी न खुली तो व्यापार मंडल करेगा धरना प्रदर्शन
पीलीभीत। बुधवार को युवा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के युवा प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल ने बरखेड़ा नगर का प्रवास कर दो दिन पूर्व नगर में ज्वेलरी की दुकान में हुई चोरी की घटना के सम्बंध में विस्तृत जानकारी ली और पीड़ित व्यापारी राजीव रस्तोगी और कोतवाल बरखेड़ा उदयवीर सिंह के साथ घटना स्थल का मौका मुआयना किया। युवा प्रदेश अध्यक्ष ने घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाल से घटना के दो दिन बाद भी अब तक घटना का खुलासा ना हो पाने पर रोष प्रकट किया और घटना को खोलने हेतु 48 घण्टे का अल्टीमेटम पुलिस को दिया जिसके अंदर खुलासा ना होने और व्यापार मंडल की ओर से धरना प्रदर्शन और उसके बाद बाजार बंद की चेतावनी दी।
ज़िला अध्यक्ष एम ए जिलानी ने भारी नाराज़गी प्रकट करते हुए अविलंब घटना के सही खुलासे की मांग की लेकिन किसी निर्दोष को जेल नहीं जाना चाहिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाल ने जानकारी दी कि वे इस मामले में खुलासे के अत्यंत नजदीक पहुंच चुके हैं और आश्वस्त किया कि 48 घण्टे से पूर्व ही घटना का वर्कआउट कर दिया जाएगा।
युवा प्रदेश अध्यक्ष व ज़िला अध्यक्ष अफरोज जिलानी ने पीड़ित व्यापारी के परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि हर व्यापारी के साथ हर समय व्यापार मंडल खड़ा है और उनको पूरी तरह न्याय दिलाया जाएगा ऐसा आश्वासन दिया।
उन्होंने व्यापारियों से अपील की है कि सभी लोग अपनी दुकानों पर सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगवाएं और जिन स्थानों पर कीमती सामान रखें वह स्थान उस हेतु योग्य एवं पर्याप्त सुरक्षित है यह अवश्य सुनिश्चित कर लें।
प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल के साथ युवा जिला उपाध्यक्ष नदीम अंसारी नगर महामन्त्री हरीश भारती, नगर उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, उत्तम अग्रवाल, युवा महामन्त्री आफ़क़ खान समेत अनेकों व्यापारी उपस्थित थे।

