
गन्ना कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर सुधीर शर्मा का दावा-6 साल में कॉलेज को दिलाईं पिछले 21 वर्षों से ज्यादा उपलब्धियां
नई बुलंदियां छू रहा गन्ना कृषक महाविद्यालय
प्राचार्य डॉक्टर सुधीर शर्मा ने गिनाईं 6 साल की उपलब्धियां, स्टाफ ने किया सम्मानित
पूरनपुर (पीलीभीत)। गन्ना कृषक महाविद्यालय नित नई बुलंदियां छू रहा है। गन्ना किसानों के चंदे से संचालित इस कॉलेज में तमाम आधुनिक सुविधाएं हैं और सर्वाधिक प्रवेश करके एक रिकॉर्ड कायम किया है। एनसीसी व पुस्तकालय की स्थापना कॉलेज की विशेष उपलब्धि है। यह बात आज कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर कुमार शर्मा ने अपना 6 साल का प्राचार्य का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर कहीं। उनको स्टाफ द्वारा सम्मानित भी किया गया।
गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय की स्थापना वर्ष 1994 में की गई थी। बकौल श्री शर्मा 20 वर्ष तक बीए की कक्षाएं संचालित होती रहीं परंतु उसके बाद विकास की गति तेज हुई और बीकॉम, बीएससी व स्नातकोत्तर कक्षाओं का संचालन प्रारंभ हुआ। रोजगार मेले लगवाए। कालेज की बाउंड्री वॉल, गेट, पुस्तकालय, साइकिल स्टैंड, कांफ्रेंस हाल आदि का निर्माण कार्य कराया गया। सोलर प्लेट लगवाई गई और कॉलेज में एनसीसी का प्रशिक्षण शुरू कराया गया। विशेषज्ञ कुलपति व अन्य विद्वानों को बुलाकर शिक्षक संगोष्ठी कराई गई। राज्यपाल को बुलाकर मेघावी छात्र छात्राओं को सम्मानित कराया गया। कॉलेज की पत्रिका अभ्युदय का प्रकाशन नियमित कराया जा रहा है। इसके अलावा सरकारी दर पर छात्र छात्राओं को प्रवेश देने के लिए कॉलेज को अनुदान पर लेने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं जो अंतिम चरण में हैं। श्री शर्मा ने कहा कि उनका कार्यकाल 27 वर्ष का प्रवक्ता के तौर पर रहा है जबकि इस बीच 6 वर्ष से कॉलेज में प्राचार्य के तौर पर सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रवक्ताओं व कालेज स्टाफ के सहयोग व प्रबंध कमेटी के निर्देशन में ही यह उपलब्धियां हासिल की हैं, इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। भविष्य के कार्यो की भी जानकारी दी।
प्राचार्य को स्टाफ ने शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया व उनके कार्यकाल की सराहना की। इस मौके पर डॉ रेखा सिंह, डॉक्टर अरविंद दीक्षित, अनूप शुक्ला, हरिशंकर, डॉक्टर अर्निका, डॉ सौरभ सक्सेना, डा पिंदर सिंह सहित सभी स्टॉप मौजूद रहा।