व्यापारियों के प्रति नजरिया बदलें अफसर : अनूप
-प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल का व्यापारी सम्मान समारोह
-प्रदेशाध्यक्ष ने संगठन से जुड़े व्यापारियों को उत्कृष्ट कार्यो के लिए किया सम्मानित
-जीएसटी के बाद राजस्व का गिरना सरकार की बड़ी नाकामी
पीलीभीत। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि व्यापारी अपनी ताकत को समझें और संगठन को मजबूत करें, तभी उनकी समस्याओं का निदान होगा। उन्होंने अधिकारियों से भी चेतावनी भरे लहजे में कहा कि उनको व्यापारियों के प्रति अपना नजरिया बदलना चाहिए क्योंकि व्यापारी एक ऐसा वर्ग है, जो देश को चलाने की बात करता है।व्यापारियों के राजस्व से ही देश में कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैं। तमाम बड़े सामाजिक कार्य हो रहे हैं। अब व्यापारियों का उत्पीड़न हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसके लिए संगठन जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक सड़क पर उतर कर आंदोलन करने को भी तत्पर है।
शहर में आवास विकास कॉलोनी में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के तत्वावधान में आयोजित व्यापारी सम्मान समारोह में प्रदेश अध्यक्ष श्री शुक्ला ने कहा कि हम व्यापारी देश व समाज को चलाने वाले लोग हैं। व्यापारी कोई आतंकवादी नहीं है, व्यापारी जो टैक्स देता है, उसी से डेवलपमेंट के कार्य होते हैं। सरकार को कितना बड़ा रिवेन्यू देने के बाद भी व्यापारी कभी भी अराजकता की स्थिति नहीं करता खड़ी करता है। आज तमाम बड़े कार्यो में व्यापारियों की ही भूमिका रहती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कोई बिना व्यापारी के चंदे के चुनाव लड़ सकता है। कोई बड़ा धार्मिक अनुष्ठान हो, सब व्यापारी के चंदे से चलते हैं। चाहे मंदिर हो मस्जिद हो अथवा गुरुद्वारा हो, सभी जगह चंदा कौन देता है। धर्म का काम भी व्यापारियों से ही चल रहा है। अगर व्यापारी समाज में काम ना करें, तो बहुत से काम हो नहीं सकते। इस बात को सरकार व उनके नुमाइंदों को समझना होगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी के बाद अगर राजस्व घटा है तो यह सरकार की नाकामी है।
ऑनलाइन शॉपिंग का विरोध करते हुए श्री शुक्ला ने कहा कि हो सकता है कि ऑनलाइन शॉपिंग करने से कुछ चीजें सस्ती मिल जाती हों लेकिन बड़े पैमाने पर नकली सामान भी मिलता है। ऑनलाइन शॉपिंग से बाजार खत्म हो रहा है। अगर बाजार नहीं रहेगा तो स्थिति बहुत भयावह हो जाएगी। प्रतिष्ठानों पर काम करने वाले लोगों के पास रोजगार नहीं रहेगा। बाजारों में सन्नाटा छा जाएगा तो सरकार को भी राजस्व का बड़ा नुकसान होगा। इसलिए जरूरी है कि बाजारों को बने रहने दीजिए।
समारोह में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रांतीय नेता सैयद मोहम्मद जकी ने बीते दिनों खाद्य पदार्थों की हुई सैंपलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि फिर होली का त्योहार आ रहा है। त्योहारों पर व्यापारी भी अपनी जिम्मेदारी को समझें। उन्होंने संगठन से अपील की कि व्यापारियों के मुद्दों के अलावा गरीब गुरबों की मदद में ही अहम भूमिका का निर्वहन करें। समारोह में संगठन के जिलाध्यक्ष विश्वजीत त्रिवेदी ने संगठन के द्वारा किए गए कार्यों को विस्तार से लोगों के सामने रखा। समारोह को शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता, जिला महामंत्री राजू बग्गा, जिलाध्यक्ष बरेली अतुल शर्मा, जिलाध्यक्ष बदायूं नितिन भारद्वाज, प्रदेश संगठन मंत्री राम कुमार गुप्ता ने भी संबोधित किया। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के व्यापारी सम्मान समारोह में जिला अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी, शहर कोतवाल की भी मौजूदगी रही, उन्होंने व्यापारियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इनको किया गया सम्मानित
समारोह में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने जिलाध्यक्ष विश्व जीत त्रिवेदी, महिला शाखा की जिलाध्यक्ष ममता त्रिवेदी, युवा शाखा के अध्यक्ष खालिद हुसैन, नगर अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष कौशल कुमार, पंकज अग्रवाल, जिला मंत्री ठाकुर जितेंद्र सिंह, विमल शर्मा, नगर संगठन मंत्री अतुल लोधी, जिला सचिव संजीव अग्रवाल, नगर युवा संगठन मंत्री हरीश करमचंदानी, युवा मंत्री रवि कुमार, आशीष माहेश्वरी, संगठन के विधिक सलाहकार राजीव गंगवार एडवोकेट को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने दी सलाह
प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने संगठन के कार्यकर्ताओं को सलाह दी कि सेटिंगबाज व्यापारी नेताओं से दूर रहें। कहा कि हम गलत काम करने वाले व्यापारी के साथ भी नहीं खड़े हैं। जो गलत माल बेच रहा है, वह संगठन की निगाह में व्यापारी नहीं है। ऐसे लोग चिन्हित करके बताए जाएं संगठन उनको जेल
भिजवाने का भी काम करेगा। साथ ही उन्होंने सेंपलिंग विभाग के लोगों से भी चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सैंपलिंग के बाद व्यापारी पर सीधी कार्यवाही ना करके उसे नोटिस दिया जाए। उसे चेतावनी दी जाए और सुधरने का मौका दिया जाए। उसके बाद ही कोई बड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। (साभार-निर्मलकांत शुक्ल, वरिष्ठ पत्रकार)
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें