संपूर्णानगर चीनी मिल पर किसानों का बकाया है करोडों रुपया

वादों पर खरे नही उतरा मिल प्रशासन, अधिकारी मौन, किसान परेशान

सीसीओ ने 18 दिसंबर तक 15 करोड़ रुपए का भुगतान करने का दिया था आश्वासन

पूरनपुर। संपूर्णानगर चीनी मिल पर किसानों का करोड़ों रुपया बकाया है। इसको लेकर किसानों ने पखवाड़ा भर पहले ट्रांस शारदा क्षेत्र के लोगो ने प्रदर्शन किया था। उस दौरान सीसीओ ने किसानों को 18 दिसंबर तक 15 करोड़ रुपए का भुगतान करने का आश्वासन दिया जो पूरा नहीं किया गया। इस पर किसानों में आक्रोश है। किसान नेता ने दो दिन के अंदर बकाया भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी है।
मामला जिला लखीमपुर खीरी की किसान सहकारी चीनी मिल संपूर्णानगर का है। बताते हैं कि इस चीनी मिल में पूरनपुर तहसील से जुड़े ट्रांस शारदा क्षेत्र के किसानों का गन्ना सप्लाई होता है। जिला पंचायत सदस्य और किसान नेता मंजीत सिंह ने बताया कि इस चीनी मिल पर किसानों का करोड़ों रुपया बकाया है। उन्होंने चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक को दिए पत्र में कहा है 14 दिसंबर को क्षेत्र के किसानों ने वर्ष 2019- 20 के बकाया गन्ना भुगतान को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। उस समय चीनी मिल के सीसीओ ने गन्ना किसानों के बीच पहुंचकर लिखित आश्वासन दिया था। इसमें 17 और 18 दिसंबर तक 15 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान किसानों के बैंक खाते में भेजने और शेष बकाया भुगतान चार किश्तों में 15 जनवरी 2021 तक करने का वादा किया था। आरोप है कि सीसीओ ने अपना किया हुआ वादा नहीं निभाया है। गन्ना बकाया भुगतान न होने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। पत्र में किसान नेता मंजीत सिंह ने दो दिन के अंदर गन्ना का बकाया भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। रिपोर्ट-प्रदीप मिश्र।

Related Articles

Close
Close
Website Design By Mytesta.com +91 8809666000