पांचवें दिन भी भ्रष्टाचार के खिलाफ भाकिमयू का धरना जारी, बीडीओ ने ज्ञापन पर दिया लिखित जबाब
यूनियन अध्यक्ष को पत्र देकर बीडीओ ने तबादलों में गेंद मुख्यालय की ओर फेंकी
यूनियन को बीडीओ के पत्र पर बिल्कुल एतवार नहीं, कहा एक साल में पूरी नही हुई जांच
पूरनपुर। विकासखंड में पिछले 4 दिन से चला रहा भारतीय किसान मजदूर यूनियन का अनिश्चितकालीन धरना आज पांचवें दिन भी जारी है। कार्यकर्ता सुबह से ही धरने पर जमे हुए हैं। उधर यूनियन के मांग पत्र पर खंड विकास अधिकारी ने बिंदुवार जवाब तैयार करके आज यूनियन को भेजा है परंतु यूनियन ने इसे सिरे से नकार दिया। राष्ट्रीय सलाहकार रमेश चंद दद्दा ने कहा कि बीडियो के पत्र पर बिल्कुल ऐतबार नहीं है। क्योंकि 1 साल पहले जिस खड़ंजा की जांच के लिए 1 सप्ताह मांगा था वह जांच आज तक पूरी नहीं हुई है। अब दुबारा तीन स्तरीय कमेटी बनाने की बात कह रहे हैं। इसके अलावा बीडियो ने 3 साल से अधिक समय से जमे अधिकारियों कर्मचारियों के तबादले की सूचना जिला मुख्यालय पर भेजना बताते हुए गेंद उच्चाधिकारियों के पाले में फेंक दी है। भारतीय किसान मजदूर यूनियन ने ब्लॉक में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर 7 सितंबर से विकास खंड कार्यालय पर धरना प्रदर्शन शुरू किया था। अनिश्चितकालीन धरना आज पांचवे दिन भी सुचारु रूप से चल रहा है। इस धरना को लेकर यूनियन कार्यकर्ताओं ने एक मांग पत्र भी अधिकारियों को राज्यपाल के नाम सौंपा था। जिसका बिंदुवार जवाब आज खंड विकास अधिकारी ने यूनियन जिला अध्यक्ष के नाम जारी पत्र में देते हुए जांच कमेटियां बनाने की बात कही है। देखें पत्र
इसके अलावा जेई सचिव व अन्य कर्मचारी जो 3 साल से अधिक समय से तैनात हैं उनके तबादले के लिए जिला मुख्यालय पर उच्चाधिकारियों को लिखित भेजने की बात कही है और बताया है कि जिला मुख्यालय से कार्रवाई होनी है। क्योंकि तबादला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। उधर यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार रमेश चंद्र ने बताया कि वे बीडियो के जवाब से बिल्कुल संतुष्ट नहीं हैं। क्योंकि यह जवाब झूँठ का पुलिंदा है। जिस खड़ंजे की जांच 1 साल पहले बीडियो ने मौके पर जाकर की और 1 सप्ताह में कार्रवाई की बात कही थी उसे आज तक पूरा नहीं कर पाए। उस पर त्रिस्तरीय कमेटी बनाने का झांसा दे रहे हैं। जिस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को तबादले तुरंत करने होंगे और जो ग्राम पंचायतों में भ्रष्टाचार हुआ है उसकी जांच तत्काल करा कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। ऐसा नहीं होने तब धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
बर्तन व राशन के साथ ब्लाक पहुंचे हैं भाकिमयू कार्यकर्ता
कार्यकर्ता खाली हाथ ब्लाक नहीं आए हैं बल्कि बर्तन राशन आदि साथ लेकर आए हैं और ब्लॉक में भोजन बनाने की व्यवस्था है। महिला कार्यकर्ता भोजन बनाने में जुट जाती हैं और भोजन धरना स्थल पर ही वितरित किया जाता है। यह क्रम पिछले 4 दिनों से चल रहा है। वे आज 5वें दिन भी भोजन बनाने की तैयारी में जुटी हुई हैं। इन तैयारियों से ब्लाक के अफसरों व कर्मचारियों के होश उड़े हुए हैं।