
चार माह से नहीं मिला वेतन, कर्मचारियों ने पूरनपुर चीनी मिल में रोकी पेराई, लगा जाम
पूरनपुर : आर्थिक संकट से जूझ रही पूरनपुर की दि किसान सहकारी चीनी मिल में हर रोज एक नई समस्या आ खड़ी होती है। कभी किसान गन्ना मूल्य व पर्चियों को लेकर चक्का जाम करते हैं तो कभी कर्मचारियों को अपने वेतन के लिए चीनी मिल को बंद करना पड़ता है। पिछले 3-4 माह से वेतन ना मिलने से क्षुब्ध चीनी मिल के कर्मचारियों ने
आज सुबह ही चीनी मिल को बंद करने का मन बना लिया और 9 बजते ही चीनी मिल में पेराई कार्य को पूरी तरह बंद कर दिया और सभी कर्मचारी एकजुट होकर मिल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। चीनी मिल बंद होने से गन्ने के वाहनों की भी यार्ड में से लेकर रोड तक जाम की स्थिति बन गई। किसान भी कर्मचारियों के साथ आ गए।
चीनी मिल बंद होने की सूचना से हड़कंप मच किया। जीएम फेडरेशन की मीटिंग में लखनऊ गए हुए हैं। प्रभारी जीएम चीफ केमिस्ट सीबी सिंह ने मौके पर जाकर कर्मचारियों से बात की और शीघ्र ही वेतन दिलाने का आश्वासन दिया। प्रभारी जीएम ने बताया कि कर्मचारी मान गए हैं और मिल चलवा दी गई है। कल सभी को वेतन दे दिया जाएगा। उनके अनुसार चीनी न बिकने से यह समस्या आई है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें