लॉकडाउन में शनिवार व रविवार को भी खुलेंगी खाद व कीटनाशक दवाइयों की दुकानें
लखनऊ। शनिवार व रविवार को लॉक डाउन होने के कारण किसानों को खाद व पेस्टिसाइड आदि खरीदने में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन अवधि यानी शनिवार और रविवार को भी खाद और कीटनाशक दवाइयों की दुकानें खोलने का आदेश दिया है। इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों व पुलिस अधीक्षकों के नाम शासनादेश जारी किया गया है।

जिसमें लॉकडाउन अवधि के दौरान खाद व कीटनाशक दवाइयों की थोक व फुटकर बिक्री की दुकानें खोले जाने को अनुमति प्रदान करने की बात कही गई है। इस समय खाद व कीटनाशक दवाइयों की किसानों को प्रति दिन जरूरत पड़ती है और लॉक डाउन में यह वस्तुएं उपलब्ध ना होने पर किसान परेशान होते हैं। कई बार सूड़ी आदि का प्रकोप बंदी के 2 दिन में ही फसलों को काफी नुकसान पहुंचा देता है। ऐसी स्थिति में सरकार द्वारा लॉक डाउन में खाद व कीटनाशक दवाइयों की दुकानें खोले जाने से किसानों को काफी राहत मिलेगी। इस शासनादेश के आने पर किसानों ने सरकार के निर्णय की सराहना की है।

