
ग्राम पंचायतों की समितियां करेंगी नलकूपों का संचालन
पीलीभीत। सिंचाई बंधु की बैठक में किसानों को सिंचाई के लिए कैसे लाभान्वित किया जाए इसको लेकर योजना बनाई गई। वहीं नलकूपों पर कर्मचारियों के अभाव में व्यवस्था ढर्रे पर लाने के लिए नलकूपों पर ग्राम पंचायत द्वारा नामित जल समिति के माध्यम से इनकी देखभाल की जाए और बरसात को लेकर कैसे बाढ़ से निपटा जाए पर योजना बनाई गई।

जिसमें अधिकारियों से प्रस्ताव मांगे गए। काश्तकारों को स्वाबलंबी और आय दोगुनी करने के लिए सिंचाई बंधु की मासिक बैठक जिला पंचायत के सभागार में शासन द्वारा नामित वीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शुरू हुई। जिसमें सिंचाई विभाग, बाढ़ खंड, हेड वर्कर्स, भू संरक्षण सहित कई विभागीय अधिकारी पहुंचे और बैठक में शारदा सागर खंड से जुड़े 2370 कुलाबों से किसानों को सुगमता से सिंचाई के लिए पानी पहुंच सके इस को लेकर चर्चा हुई वहीं जिले में 193 नलकूप में से 3 नलकूप जो खराब है उनको ठीक कराने के लिए भी प्रस्ताव पारित हुआ वही इन नलकूपों पर विभागीय कर्मचारी कम होने के चलते इनकी देखभाल कम हो पा रही है जिसको ग्राम पंचायत के अधीन करने के लिए जनपद के सभी खंड विकास अधिकारियों को पत्र भेजकर ग्राम पंचायत स्तर से जल वितरण समिति का गठन कराकर इनकी देखरेख की जाए जिससे लोगों को सुगमता से सिंचाई के लिए पानी मिल सके। वही हरदोई ब्रांच नहर की कच्ची पटरी को मजबूती देने के लिए भी प्रस्ताव रखे गए। गोमती की अविरल धारा बहे इस पर भी विभागीय अधिकारियों द्वारा चर्चा की गई। काश्तकारों से आबपासी माफी पर जनपद के लिए शासन की ओर से छह करोड़ रूपया सिंचाई विभाग को दिया जाता है इसकी भी जानकारी बैठक में साझा की गई। बाढ़ से कैसे निपटा जाए इसको लेकर लोगों से सुझाव मांगे गए। इस दौरान एक्सईएन हरिचंद्र यादव, अधिशासी अभियंता नंदलाल, मुनीश घोष, राजकुमार सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-लोकेश त्रिवेदी

