
आज बरेली के रास्ते रामपुर जाएंगे सपा मुखिया अखिलेश, आजम का जानेंगे हालचाल
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश कार्यक्रम
रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज बरेली आएँगे। बरेली में अखिलेश यादव पूर्व विधायक स्वर्गीय सियाराम के घर जाएंगे और पूर्व विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे साथ ही परिजनों को संतावना देंगे। जिसके बाद वो रामपुर रवाना हो जाएंगे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बरेली आगमन पर उनका जगह जगह पर नेता और कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।
अखिलेश यादव के साथ ही नेता विपक्ष रामगोविंद चौधरी, राजेंद्र चौधरी और पार्टी के विधायक एवं एमएलसी भी होंगे। ये सभी आजम खान के समर्थन में रामपुर रवाना होंगे। रामपुर में अखिलेश यादव आजम खान से मुलाक़ात के साथ ही तमाम कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। अखिलेश यादव आज रामपुर में हमसफ़र रिजॉर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे और वो शनिवार शाम को एक बार फिर बरेली आएँगे जहाँ पर वो सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद 15 सितंबर को रवाना होंगे।
जगह जगह होगा सपा मुखिया का स्वागत
अखिलेश यादव के आगमन को लेकर सपा नेताओं ने बड़े पैमाने पर उनके स्वागत की तैयारियां की हैं। जिले के नेता फतेहगंज पूर्वी में अपने नेता को रिसीव करेंगे और बरेली से रामपुर की सीमा तक अखिलेश यादव का करीब 15 जगह पर जोरदार स्वागत किया जाएगा। अखिलेश यादव के साथ जिले के तमाम नेता और कार्यकर्ता भी रामपुर जाएंगे।

