
जौनपुर जनपद में ठंड से तीन लोगों की हुई मौत
जौनपुर , 22 दिसंबर । जौनपुर जिले मेंं जफराबाद नगर पंचायत के अलग- अलग मोहल्लों में शनिवार की रात ठंड सेे तीन लोगों की मृत्यु हो गयी , यद्यपि जिला प्रशासन ने इन मौतों को ठंड से होने से इंकार किया है ।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में जफराबाद थाना एवं नगर पंचायत क्षेत्र में मोहल्ला नासही निवासी फेरु राम (55) बीती रात सही सलामत खा पीकर सो गए , रविवार की सुबह तक सोए रहने पर परिजन उनको जगाने गए मगर विह बिस्तर पर मृत पड़े मिले। मौत की सूचना होने पर परिवार में कोहराम मच गया। वहीं दूसरी ओर मोहल्ला ताड़तला निवासी त्यागी देवी (70) की भी बीती रात मृत्यु हो गई। मोहल्ला तड़तला निवासी सरीफुन निशा (68) की भी बीती रात मृत्यु हो गई। इन तीनों लोगों की मृत्यु के पीछे ठंड लगना ही कारण बताया जा रहा है। वहीं अस्पतालों में भी अब कोल्ड डायरिया के मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

