त्योहार के दिन भी राजनीति : कांग्रेस जिलाध्यक्ष चब्बा ने प्रशासन को चैलेंज करके लगवा दिया साठा धान
पीलीभीत। होली के रंगों में राजनीति के रंग भी चटख होते दिख रहे हैं। जहां कांग्रेस के बड़े नेता ज्योतिराव सिंधिया कांग्रेस का हाथ झटकते हुए भाजपा में शामिल हो गए वहीं पीलीभीत में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष
हरप्रीत सिंह चब्बा ने प्रशासन को चैलेंज कर के आज अपने गजरौला छेत्र स्थित फार्म पर साठा धान की रोपाई करा दी। होली के त्यौहार के बावजूद उन्होंने 10 मार्च को साठा धान लगाने का चैलेंज प्रशासन को दिया था। आज उन्होंने अपने फार्म पर जाकर लोगों को इकट्ठा करके तय कार्यक्रम के अनुसार साठा धान की रोपाई कराई। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बातचीत एवं धान की रोपाई का वीडियो भी वायरल किया। उन्होंने किसानों से कहा कि साधन लगाने पर कोई पाबंदी नहीं है इसलिए वह लगा रहे हैं।
जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा
उधर जिला प्रशासन आज होली के त्यौहार में अशांति न फैलाने को लेकर खामोश रहा। सदर तहसीलदार विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच कराई जा रही हैं और इस
मामले में जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई करने के मूड में है ताकि कोई दूसरा इस तरह की हरकत ना कर सके। उन्होंने कहा कि होली के पर्व पर शांति बनाने के उद्देश्य से आज फिलहाल तात्कालिक कार्रवाई नहीं की गई है।
भाकियू ने कहा गलत कदम, नहीं लगना चाहिए साठा
उधर भारतीय किसान यूनियन ने साठा धान लगाने को गलत कदम बताया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि साठा धान से सबसे अधिक नुकसान किसानों को ही होता है।
पानी भी काफी अधिक लगता है जमीन की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है और कीट पतंगे काफी अधिक बढ़ जाते हैं। इन सब बातों को देखते हुए किसान ही साठा लगाने से तौबा कर रहे हैं और हाईकोर्ट ने भी लोगों को डीएम के आदेश के खिलाफ स्टे नहीं दिया है। इस कारण साठा लगाना गैरकानूनी है। उन्होंने त्यौहार के दिन धान लगाए जाने को गलत कदम बताते हुए कहा कि ऐसा होने से दूसरे किसान भी इस ओर मुड़ेंगे इसलिए प्रशासन को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

