भ्रष्टाचार के खिलाफ भकिमयू का अनिश्चितकालीन धरना चौथे दिन भी जारी
पूरनपुर। भारतीय किसान मजदूर यूनियन के नेतृत्व में पूरनपुर विकासखंड में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन 7 सितंबर से शुरू हुआ था। यह धरना प्रदर्शन गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। यूनियन के कार्यकर्ता भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाकर यहां धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि गांवों का विकास नहीं किया जा रहा है। वर्षों से जमे सचिव व जेई सरकारी धन की लूट मचाए हुए हैं। इन लोगों ने कहा कि जब तक समस्याओं का निराकरण नहीं होता है तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
भारतीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय सलाहकार रमेश चंद्र दद्दा और जिला अध्यक्ष मनप्रीत की अगुवाई में विकासखंड पूरनपुर में 7 सितंबर को धरना प्रदर्शन शुरू किया गया था। दर्जनों कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। यह लोग सोशल डिस्टेंसिंग के साथ धरना प्रदर्शन करके अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। कार्यकर्ता वर्षों से ब्लाक में जमे सचिवों को हटाने की मांग कर रहे हैं। आरोप लगाया कि जेई सालिगराम भ्रष्टाचार को बढ़ावा लेकर लूट मचाये हैं। मिलीभगत से घूस लेकर फर्जी काम पास करने का मुद्दा भी प्रबल है। आरोप है कि गांवों में विकास नहीं हो रहा है और सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है। मनरेगा में भी घपले के मामले उजागर हो रहे हैं परंतु अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। सार्वजनिक शौचालय व पंचायत भवन ठेके पर बनाकर गुणवत्ता को खतरे में डाला जा रहा है। मनरेगा में फर्जी हाजरी डलवाकर धन निकाला जा रहा है। आरोप है कि खंड विकास अधिकारी नीरज दुबे के कार्यालय में न बैठने और फोन ना उठाने से लोगों की समस्याओं का निराकरण भी नहीं हो रहा है। कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि अधिकारी अपने में सुधार करें वरना
अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। गुरुवार को चौथे दिन भी यह धरना प्रदर्शन जोर-शोर से जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने घूसखोरी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मांगे पूरी ना होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। राष्ट्रीय सलाहकार रमेश चंद्र दद्दा ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारी उनकी सुनने को तैयार नहीं है। इस कारण धरना प्रदर्शन अनिश्चितकालीन शुरू किया गया। दुष्कर्म की शिकार महिला के लिए मुआवजा भी मांगा गया है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें